शुक्रवार, 6 अप्रैल 2018

...कि हरदौल आते हैं- मनीष वैद्य

कहानी

 

... कि हरदौल आते हैं

 

मनीष वैद्य

हम विस्मय से सुनते हैं सांस थामकर। रात की खामोशी को तोड़ते हुए दूर कहीं से मामी की आवाज़ गिरती है। वह कांच की तरह गिरती है और किरच–किरच पूरे कमरे में बिखर जाती है। चौदस और पूनम की चमकती रातों में चम्पावती का सत अब भी रोशन होता है। जंगल का चप्पा–चप्पा चाँद की दूधिया आब में दमकने लगता है। अब भी हरदौल आते हैं सफ़ेद–सफ्फाक घोड़े पर सवार। बीहड़ों को रौंदते हुए,नदी–नालों को छलांगते,चट्टानों–पहाड़ों को फलांगते ... तब इस उसर धरती पर इत्तर की खुशबू फ़ैल जाती है यहाँ से वहाँ तक। खुशबू जैसे साथ–साथ चलती है हरदौल के घोड़े के साथ। ऐसी खुशबू जो कभी किसी ने कहीं नहीं महसूसी. जिसका कोई सानी नहीं। खुशबू के साथ लोग सुनते हैं घोड़े के टापों की आवाजें भी। टप्प...टप्प आधी रात ढलती है और सुनसान बियावान जंगल में सन्नाटे के बीच गूंजते हैं हरदौल के गीत। जैसे दुःख का कोई दरिया बह निकलता है उन गीतों से। इन्हें सुनते हुए औरतें अपनी छातियों में सहेजती है इन गीतों को। उनकी आँखों से बहती है गरम आंसूओं की धार। नमक–नमक हो जाती हैं वे समुद्र की तरह। यहाँ की हवाओं में साढ़े तीन सौ सालों से गूंजती रही हैं दुखों से भींगी ये नज्में। प्रेम की पाकीजगी की दास्ताँ बयान करते ये गीत।

मामी बुंदेलखंड से आती हैं। अपने ससुराल मालवा से बहुत दूर। नानी के घर जाने पर मामी से कहानियां सुनने का बड़ा आकर्षण हुआ करता था। नानी के घर जाने की बात से हम बहुत खुश हो जाते। मामी हर रात हम बच्चों को कहानी सुनाती है। हर बार नयी कहानी। उसके भीतर जैसे कहानियों का कोई खजाना-सा था कहीं। रात का अँधेरा घिरने लगता। ठंडी हवाएं तीर की तरह चुभने लगती। सारे बच्चे मामी के कमरे में इकट्ठे हो जाते। फिर शुरू होता कहानी और हुंकारों का दौर। कहनियाँ सुनते हुए नींद दस्तक देने लगती। फिर आधी नींद और आधे जागते हुए सुनी जाती कहानियां। छोटे बच्चे एक–एक कर नींद की आगोश में जाते रहते और कहानी अपने चरम की ओर। ऐसी ही एक रात सुनाई थी उसने हरदौल की कहानी। रुंधे हुए गले और भारी मन से। उस रात सपनों में हम दौड़ते रहे थे हरदौल के सफ़ेद–सफ्फाक घोड़े के पीछे–पीछे सैकड़ों मील। हमारे पैर कांटों और कंकरों से छिले जा रहे थे। पर कोई आकर्षण था उन टापों में कि हम रूक ही नहीं पा रहे थे।

मामी यहाँ अपने बुंदेलखंड को बहुत याद करती। वह अपने अंचल को याद करती थी या शायद अपने बचपन को ही। बचपन का बुंदेलखंड जैसे मामी के पल्लू से बंधकर मालवा आ गया था उसके साथ। वह अपने बुंदेलखंड और बचपन के लिए हिजती रहती हमेशा ही। पर न तो कभी लौटकर बचपन वापस उसके हाथ आया और न ही उस समय से लौट कर उसका बुंदेलखंड ही। गुजरा हुआ समय कभी नहीं लौटता। किसी के लिए नहीं। गुजरा हुआ समय या तो यादों में ही जीवित रह पाता है या इतिहास की किताबों में ही।

तब मामी अब जैसी नहीं लगती थी। तब उसका रूप चटख धूप की तरह उजला–उजला-सा था। उसकी देह से मोतिया आब फूटती थी तब। आँखों में आसमान से ऊँचे सपने थे और आंखें झील की तरह झिलमिलाती रहती थी। मामी की दादी कहती नगीना है नगीना मेरी रज्जो। कोई राजकुमार घुड़सवार एक दिन आएगा और रानी बनाकर ले जायेगा पर गरीबी जो न कराए थोडा है। समय बीतता गया पर न कोई राजा आया और न ही कोई राज कुमार। मामी की उम्र बढ़ने लगी तो दादी की उम्मीद भी टूटने लगी। आखिरकार एक दिन नानी के घर पंहुचा मामी का रिश्ता मामा के लिए. मामा छह फूटिया कद के, न चेहरे पर पानी न बोली में लहजा। न रंग के न भांत के, काम के न काज के दुश्मन अनाज के. ताश के ऐसे शौकीन कि घर–खेत में आग लगी हो तो भी पत्ते न छोड़े। आसपास सब उनके आलस को जानते थे। लोग कहते–क्या करें बेटी देकर। उन्हें देने से अच्छा है पत्थर बाँधकर कुँए में ही डाल दें।

नानी अलग गुस्से में। अब यही बच गया है ज़िन्दगी में देखने को। 8 बीघा जमीन के वारिस का ब्याह बुंदेलखंड में। वहाँ के लोगों में न मालवा जैसे बोलचाल की लोच और न ही रित–रिवाज। वहाँ तो लोग बात–बात पर बंदूक से बात करें। पत्थर और बीहड़ों के देस की बहू...इससे तो कुंवारा ही भला मेरा छोरा। पर किस्मत का बदा कौन टाल सकता है भला। एक दिन मामा ढोल-ढमाकों के साथ बारात लेकर वहाँ पंहुचे और मामी को लेकर लौट आए. मामी तब से यहीं की होकर रह गई. उसने सम्भाल लिया था सब कुछ। घर–बार, खेत–खलिहान,नाते–रिश्तेदार और मामा को भी। मामा के साथ खटती रहती खेतों में फिर दोपहर की धूप सिर पर आ जाती तो खेत की मेड पर आंबे की छाँव में दोनों रोटी खाते और घड़ी भर सुस्ता लेते।

पर नानी उस पर हमेशा चिढती–कुढती रहती। कलमुंही ने तीन–तीन छोरियां पैदा कर दी। मैं तो बुढ़ापे में पोते का मुंह देखने को तरस गई. यही बज्जात लिखी थी हमारी किस्मत में। पूरे कुल का चिराग बुझाने आ गई हमारे घर–द्वार। पुरखे कैसे तैरेंगे मेरे घर के. कैसे धूप–दीप लगेगी उन्हें। एक पोते का सुख न दे सकी। भगवान न जाने कौन से पाप की सजा दे रहा है कुलच्छिनी को। मामी कुछ नहीं बोलती। बस सुनती रहती और जुटी रहती काम में। पढ़ी–लिखी शहर में ब्याही बहू–बेटियों ने नानी को समझाया भी कि पोता नहीं होने में मामी का कोई दोष नहीं है। कि इसके लिए तो मामा ही जिम्मेदार हैं पर नानी किसी की बात नहीं मानती। सारे तर्क खारिज, उसके लिए तो बस उसका अपना सोचा–समझा ही मानने लायक था। बाकी कुछ नहीं।

शादी के बाद कितना कुछ बदल जाता है एक औरत के लिए. एक संस्कृति में पली–बढ़ी लडकी जब दूसरी संस्कृति में जाती है तो नयी संस्कृति उसके लिए किसी रहस्य से कम नहीं होती। बोली–बानी, खान–पान,आचार–व्यवहार, बाना–पहनावा। कितनी सारी बातें। फिर भी रह जाती है कई बातें जो कभी नहीं बदलती। भौगोलिक सीमाओं से परे भी। जैसे नहीं बदलती औरतों की नियति। जो यहाँ हैं, वह ही वहाँ है। कोई अंतर नहीं। वहाँ भी औरत दासी से ज़्यादा कुछ नहीं,यहाँ भी वह पैर की जूती ही समझी जाती है। वहाँ भी उसका चरित्र हमेशा से संदेह के घेरे में है तो यहाँ भी। सैकड़ों सालों के बाद अब भी वह वहीँ की वहीँ है। कटघरे में खड़ी आरोपित। कभी सीता खड़ी थी तो कभी अहिल्या। साढे तीन सौ साल पहले हरदौल की भौजी चम्पावती भी तो ...

एक दिन मामा चल बसे। फिर तो नानी ऐसी बिफरी कि जब तक जीती रही, मामी की छाया तक नहीं दाबी. रात–दिन अपनी ओलडी में मामी को भला–बुरा कहती रहती। उसे शरापती रहती। मामी फिर भी उसका पूरा ध्यान रखती। आखिर तक मन लगाकर सेवा की। कुछ रिश्तेदारों ने उसे जमीन से बेदखल करने की इतनी चालें चली कि कोई दूसरी होती तो बेटियों के साथ कब से कुँए–कुण्डी कर चुकी होती या किसी और के पल्लू से बंध गई होती। पर मामी किसी और मिट्टी की बनी थी। सैकड़ों लांछन और मुसीबतें झेलकर भी वह खड़ी रही अपनी छाती को चट्टान बनाकर।

मामी की पनीली आँखे घुमड़ आती है और वह अनायास गुनगुनाने लगती है-नजरियों के सामने हरदम लाला रैयो, जैसी प्रीत करी भौजी से, ऊंसई सबै निभैंयो। मामी की आवाज में कई बुन्देली औरतों की आवाज घुलने लगती है, जैसे सब गा रही हो एक साथ मामी की ही जुबान से। बरबस ढोल की आवाज गूंजती है। मामी जैसे कहीं खोने लगती है, शायद कहानी में। चेटका पर हरदौल की पत्थर से गढ़ी मूर्ति। आब-ताब से चमकता राजपूती रूआबी चेहरा, झबरीली कटारा मूंछे। गोरा रंग, सलोना रूप, कमर में लटकी तलवार, घी का दिया,ताज़े फूलों के हार, सिन्दूर,नारियल, पूजा की थाली। हम कुछ नहीं समझ पा रहे। कौन है ये हरदौल। ये औरतें क्या गा रही है और क्या है यह भौजी से प्रीत की बात।

बुंदेलखंड में यह कथा सदियों से गूंजती रही है। सैकड़ों गीत हैं यहाँ हरदौल के. अब भी लोग उन्हें बुलाते हैं हर शुभ काम में सबसे पहले। उन्हें भरोसा है कि न्यौता देने पर वे ज़रूर आते हैं। कि उनके आने से ब्याह–शादी में कोई विघ्न नहीं आता। घर का मुखिया गाँव के आदमी–औरतों के साथ ढोल–ढमाके से गीत गाते पंहुचता है न्यौता देने हरदौल की थानक तक। उनके चेटका पर औरतें गाती है–लाला हरदौल विनती मान लइयो हो,भूल–चूक चरन तरे दाब लईयो हो...

मामी जैसे लौटती है कहानी में–ओरछा के राजा वीरसिंह जूदेव के दो बेटे। दोनों बड़े ही प्रतापी और प्रजा के हित में सोचने वाले। बड़े बेटे का नाम जुझार सिंह और छोटे बेटे का नाम हरदौल। बुजुर्ग होने पर वीरसिंह बीमार रहने लगे और एक दिन वे चल बसे। बड़े होने के नाते जुझार सिंह को राजगद्दी पर बैठाया गया। हरदौल बहुत खुश। वे अपने भाई जुझार सिंह और भाभी चम्पावती की जी-जान से सेवा करते। राजकाज में उनकी सूझबुझ का कोई सानी नहीं था। उन्होंने अपने राज्य पर होने वाले युद्धों में कई बार अपनी वीरता से हारी हुई बाज़ी भी जीत ली। वे युद्धभूमि में तलवार ऐसे चलाते कि सामने वाले को संभलने तक का मौका नहीं देते थे। उनके युद्ध कौशल की कई–कई कथाएं कही–सुनी जाती है।

वें प्रजा के बीच भेष–बाना बदलकर अक्सर उनका दुःख–सुख जानने निकल जाया करते। इस तरह वे प्रजा के सबसे चहेते हो चले थे। एक बार बुंदेलखंड में अकाल पड़ा। लोगों की जान पर बन आई. मवेशी और पखेरू मरने लगे। अनाज बचा था न पानी। लोगों में हाहाकार मच गया। हरदौल ने रात–दिन एक कर दिया। हीरे-जवाहरात और सोना–चांदी बेच पड़ोस के राज्यों से बैलगाड़ियों में भरकर अनाज खरीदा। गाँव–गाँव सदाबरत लगवाये। कोई भूखा न रहा। पानी के लिए कुओं को गहरा कराया। नहरों से पानी भेजा यहाँ-वहां। नदियों का मुंह मोड़ लिया। राज्य में हर तरफ हरदौल की जय–जयकार। हरदौल न हुए, भगवान हो गए वे लोगों के लिए.

बच्चों ने हुंकारा भरते हुए पूछा-फिर क्या हुआ ...मामी।

मामी जैसे अपनी ही रो में कहे जा रही थी-उधर इसी वजह से कुछ बड़े दरबारी मंत्री और चाटुकार अंदर ही अंदर हरदौल के प्रति द्वेष से भर गए. हरदौल के रहते उनकी कारस्तानियाँ लगातार सामने आ रही थी। जुझारसिंह से उन्हें कोई ख़ास खतरा नहीं था पर हरदौल उनके लिए मुसीबत का सबब बने हुए थे। धीरे–धीरे उन्हें लगने लगा था कि हरदौल को रास्ते से हटाए बिना वे अपनी साजिशों में सफल नहीं हो पाएंगे। पर हरदौल को हटाना इतना आसान भी नहीं था। वह वीर पुरुष था। उसे हराना या उस पर हमला करना किसी के बस में नहीं था। वह बहुत धीर–गंभीर भी था। लिहाजा उसे छल से भी मात देना संभव नहीं था। उसके गुप्तचरों का संजाल चारों ओर था। ऐसे में थोड़ी-सी भनक भी साजिश करने वालों की मौत का कारण हो सकती थी। ऐसे में छल करने वालों ने एक सोची समझी चाल चली। एक ऐसी चाल जिसने हरदौल को शह दी। हरदौल और जुझार जब तक शह-मात की यह बिसात समझ पाते तब तक बहुत देर हो चुकी थी।

हरदौल को अपने भाई–भाभी से बहुत प्रेम था। वे उनका उसी तरह सम्मान देकर आदर करते थे जैसे रामायण में लक्ष्मण अपने बड़े भाई राम और सीता का करते थे। माँ–पिता की तरह सेवा करते थे उनकी। कभी उनका कहा नहीं टालते। भाई–भाभी भी उन्हें बेटे की तरह चाहते थे। यह बात सब जानते थे। जुझारसिंह के आसपास के कुछ अवसरवादी दरबारी मंत्रियों और चाटुकारों ने उनसे हरदौल को लेकर चुगली करना शुरू कर दी। कहते हैं कुशल तैराक नदी में डूब सकता है। कुशल रसोइया रसोई बिगाड़ सकता है। कुशल तलवारबाज़ निशाने में चूक सकता है पर चुगलखोर कभी नहीं चूकता। उसका निशाना यहाँ भी नहीं चूका। भाई को बेटे की तरह मानने वाले राजा जुझारसिंह भी कान भरने पर उन्हीं की तरह सोचने लगे। धीरे–धीरे चुगली ने अपना असर दिखाया।

औरत को हमेशा ही संदेह की नजर से देखा जाता रहा है। हर युग में। हर समय में। राजा जुझार के मन में भी उसकी पत्नी चम्पावती के चरित्र को लेकर तरह–तरह की चुगलियाँ की जाने लगी। चम्पावती और हरदौल के माँ–बेटे की तरह पवित्र रिश्ते पर नाजायज सम्बन्धों का आरोप लगने लगा तो राजा जुझार कुपित हो गए. कुछ मंत्रियों ने उन्हें सलाह दी कि वे रानी चम्पावती को कहें कि वे खुद अपने हाथों से हरदौल को जहर मिला भोजन कराएं। मंत्रियों ने सोचा कि यदि रानी भोजन करा देगी तो हरदौल का नाम ही ख़त्म हो जायेगा और यदि नहीं खिलाया तो राजा के सामने हमारी यह बात साबित हो जाएगी कि दोनों के बीच ग़लत रिश्तें हैं। राजा जुझार मंत्रियों की चाल समझ नहीं पाए और रानी को विष मिला हुआ भोजन हरदौल को कराने का आदेश दे दिया। रानी बहुत रोई, गिडगिडाई पर राजा को कोई असर नहीं हुआ। रानी आज उसी तरह खड़ी थी जैसे बरसों पहले कभी लांछन लगी सीता खड़ी थी अपने ही राम के सामने अग्नि परीक्षा को तैयार। रानी ने रोज की तरह लाला हरदौल की पसंद के व्यंजन बनवाये। उनमें राजा की इच्छा अनुसार जहर मिलाया गया।

मामी की आवाज़ कुँए की तरह भीतर कहीं से आ रही थी। आवाज़ आँखों की नमी में घुलकर पनीली हो रही थी। कोई पंछी अचानक पीपल के पेड़ पर फडफडाया था। मामी शायद साढे तीन सौ साल पीछे लौट गई थी। वहाँ थी तो बस अँधेरी रात की ख़ामोशी तोडती मामी की दुःख से बोझिल आवाज़।

हरदौल जब रोज की तरह भोजन पर बैठे तो भाभी की आँखों में झर–झर आंसू। भाभी पछाड़ खाकर धरती पर गिर गई. हरदौल कुछ समझ नहीं पा रहे थे। वे समझे भाई–भाभी के बीच किसी बात पर अनबन हो गई है। वे थाली से उठे और भाभी से कहा–क्या बात हो गई भाभी। आप इतना संताप क्यों कर रही हो। भाभी से कुछ कहा नहीं जा रहा था। छातीं फट रही थी। पूरी देह जल रही थी। नसों में उबाल। ये कैसा धर्म संकट है उसके सामने। यह कैसी सांप–छछूंदर-सी गति है उसकी। इधर कुँआ तो उधर खाई. क्या करे वह। इधर बेटे की तरह का देवर और उधर पति। रोते–रोते कहने लगी–अजीब दुविधा में हूँ लाला, इस भोजन में विष मिलाया है मैंने। तुम इसे मत खाना। मेरे पति बावरे हो गए हैं। वे ऐसे नहीं हैं, ज़रूर किसी ने उनके कान भरे हैं। मैं माँ होकर भी तुम्हें विष देने चली थी। मुझे माफ़ कर देना लाला हरदौल।

हरदौल ने कहा–अरे भाभी,इसमें क्या बड़ी बात है। यदि बड़े भैया ऐसा ही चाहते हैं तो इसमें कौन बड़ी बात है। हम बुंदेला कुल के हैं। वीरों के कुल से। जहाँ बड़ों के सम्मान के लिए मरना बहुत सहज है। भाभी हम तुम्हारा सम्मान लौटाने के लिए हँसते–हँसते मरना पसंद करेंगे। भैया चाहते हैं तो हम यह भोजन ज़रूर करेंगे।

मामी का गला रुँधने लगता है। जैसे कोई डूच्चा-सा फंस रहा हो गले में। आँखे गीली हो रही है। कलेजा भारी–भारी हो रहा है। शब्द जैसे कहीं भीतर फंस रहे हैं। अँधेरे के बावजूद देख पा रहा हूँ मैं मामी की इस हालत को। उसका सिरहाना गीला है। उसकी चूड़ियों का संगीत थम गया है। वह कहती है हरदौल की कहानी है ही ऐसी. मैं ठंड के बाद भी कानों के पीछे पसीने की चिपचिपाहट महसूस करता हूँ।

भाभी मना करती रही पर हरदौल ने जैसे ही कौर मुंह में लिया, जहर ने अपना असर दिखाया। वे वहीं गिर पड़े। रानी चम्पावती की चीख निकली और अन्तःपुर में फ़ैल गई. राज महल बहुत बड़े होते हैं और उनमें अक्सर ऐसी आवाजें वहीँ घुट कर रह जाती है। लाला हरदौल ने मरकर भी अपनी भाभी के मान को बढ़ाया। वे मरकर भी अमर हो गए. उनके पहले और बाद में कई राजा हुए पर लोक में अब भी हरदौल ही पहचाने–पूजे जाते हैं। लोक नायक की तरह। लोक देवता की तरह जगह–जगह उनकी प्रतिमाएं हैं। चबूतरें हैं। कहते हैं हरदौल की बहन उनके चेटका पर ब्याह का न्यौता रखते हुए रोने लगी तब वे मरने के बाद भी अपनी बहन कुंजावती की बेटी के ब्याह में आये और मंडप की पंगत में बारातियों को भात परोसा।

यहाँ लोग कहते हैं कि हरदौल आज भी चांदनी रातों में घोड़े पर निकलते हैं। घोड़े की टापों की आवाज़े सुनी जाती है देर रात सुनसान जंगलों में। हरदौल के गीत यहाँ की हवाओं में हर चांदनी रात सरसराते हैं। कहते हैं हरदौल कभी नहीं मर सकते। वे बरसों–बरसों तक औरतों की सच्चाई की दुहाई देते रहेंगे उसी तरह। वे काल से परे है। शरीर मरता है, बाते कहाँ मरती है कभी। लोग मरते हैं, कहानियां कहाँ मरती है कभी। जब तक धरती पर लोग रहेंगे, कहानियां कही जाती रहेंगी हमेशा ही। गीत गूंजते रहेंगे। हमेशा ही। हरदौल की तरह।

अनायास मेरी नजर मामी के चेहरे पर पडती है। उसकी देह तप रही है। लाल आँखों से जैसे लावा टपकने को हो। मामी के चेहरे पर गजब का तेज है जैसे मामी बदल रही हो चम्पावती में। साढ़े तीन सौ साल बाद फिर से।

11–ए, मुखर्जी नगर, पायोनियर स्कूल चौराहा

देवास म प्र 455001

मोबा नं.9826013806

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें

विरह विगलित कदंब: पुष्पा भारती

विरह विगलित कदंब पुष्पा भारती साहित्य सहवास में चारों ओऱ बड़े करीने से हरियाली उग आई थी। अपनी मेहनत की सफलता पर खुश भी थे भारती जी कि सहसा उ...